दबंगों का चीनी मिल कर्मचारी पर जानलेवा हमला
दबंगों का चीनी मिल कर्मचारी पर जानलेवा हमला

सुल्तानपुर के गोसाईंगंज क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। महमूदपुर गांव में दबंगों ने चीनी मिल में कार्यरत एक कर्मचारी पर जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ित मनोज गौड़ ड्यूटी से घर लौट रहे थे, जब गांव के संतोष सिंह और उनके साथियों ने उन्हें घेर लिया।
घटना में करीब बीस लोगों ने लाठी-डंडे और बंदूक की बट से हमला किया। पीड़ित के पिता शिवराम गौड़ ने बताया कि हमलावरों ने लाइट बंद करके हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि संतोष सिंह पहले भी उनके खिलाफ कई फर्जी मुकदमे दर्ज करा चुके हैं और उनका मकसद परिवार को गांव से भगाना है।गंभीर रूप से घायल मनोज का इलाज राजकीय मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। पहले भी परिवार को आईजी प्रवीण कुमार के आदेश पर सुरक्षा दी गई थी, लेकिन राजनैतिक दबाव में वह हटा ली गई। थानाध्यक्ष गोसाईंगंज अखिलेश सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि 10 नवंबर 2023 को भी इसी गांव में संतोष सिंह और उनके साथियों ने हरिराम गौड़ के परिवार पर हमला किया था। उस मामले में विधायक के करीबी संतोष सिंह सहित नौ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तारी की गई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में दबंगों का आतंक बढ़ता जा रहा है और पुलिस प्रशासन को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।